पटना में बिहार विधान परिषद के नए अतिथि निवास का सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने भवन का पूरा निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह अतिथि निवास काफी बेहतर तरीके से बनाया गया है और इससे विधान परिषद के सदस्यों तथा आगंतुकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने भवन की संरचना और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सुविधाएं जनप्रतिनिधियों के कार्य को और सुगम बनाती हैं।
इस दौरान उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे। साथ ही विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। उद्घाटन के बाद सीएम ने कैंटीन, पुस्तकालय और सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन किया। हालांकि कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिला, जब जदयू कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के सामने ही “निशांत कुमार सीएम जिंदाबाद” के नारे लगाए। इस पर नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए।
यह भी पढ़ें : हॉस्टल में क्या हुआ 5 साल के बच्चे के साथ... मौत के बाद खुल रहे चौंकाने वाले राज
नया अतिथि निवास पांच मंजिला भवन है, जिसमें कुल 30 सुइट रूम बनाए गए हैं। प्रत्येक सुइट में किचन, ड्राइंग रूम और शयन कक्ष की सुविधा दी गई है। इसके अलावा भवन में लाउंज और लिफ्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं, जिससे यहां ठहरने वाले लोगों को आरामदायक अनुभव मिल सके। इसके साथ ही कैंटीन और पुस्तकालय के लिए अलग दो मंजिला भवन का निर्माण किया गया है, जहां भोजन और अध्ययन की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं, एक अलग दो मंजिला सामुदायिक केंद्र भी तैयार किया गया है, जिसमें हॉल, किचन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह केंद्र विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
यह भी पढ़ें : गोपालगंज में दिल दहला देने वाली वारदात.... पिता ने 19 साल की बेटी की ली जान
दूसरी ओर, भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं के त्याग और समर्पण से देश आज नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार को पिछड़ा बनाने वाली ताकतों को जनता ने जवाब दिया है और अब राज्य विकास और सम्मान की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विजय सिन्हा ने यह भी कहा कि सरकार भूमि विवाद और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर “विवाद मुक्त बिहार” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें : चांदी में भारी गिरावट, सोना भी फिसला... खरीदारी का सही मौका या बड़ा खतरा
नए अतिथि निवास के शुरू होने से विधान परिषद से जुड़े जनप्रतिनिधियों और मेहमानों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके कामकाज में भी सहूलियत आएगी।





