पटना: ऐसे तो शादी समारोहों में नाच गाने के साथ लोग जम कर खुशियाँ मनाते हैं लेकिन बीती रात पटना के बाढ़ इलाके में एक बारात के दौरान डांस कर रहे लोग आपस में भिड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। बताया जा रहा है कि घटना में कई लोग जख्मी हो गये जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना बाढ़ रेलवे स्टेशन के समीप दयाचक मोहल्ले की है जहां एक बारात में कुछ असामाजिक तत्व घुस गए और डांस करने को लेकर बारातियों पर हमला कर दिया।फिर क्या था दोनों ही पक्ष आपस में भिड़ गए और जम कर लाठी डंडे चले।
मामले में बताया गया कि दयाचक मोहल्ला में बोकर से एक बारात आई थी। बारात जब दरवाजे पर चली तो इस दौरान डीजे के धुन पर दोनों ही पक्ष के लोग ख़ुशी में डांस कर रहे थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्व बारात में घुस गए और लोगों के साथ बदसुलूकी शुरू कर दी। बदमाशों ने बाराती पर लाठी डंडे से हमला भी किया और उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। आनन फानन में लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी साथ ही जख्मी लोगों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद वर पक्ष के लोगों ने शादी करने से ही इंकार कर दिया जिसके बाद हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें - पुलिस से बच भागने के चक्कर में कार चालक ने कई लोगों को मारी टक्कर, तलाशी लेने पर भारी मात्रा में हथियार बरामद
बताया जा रहा है कि वर पक्ष के द्वारा शादी से इंकार किये जाने के बाद वधु पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। लोग वधु को लेकर अस्पताल पहुंच गये और वर पक्ष के लोगों पर शादी करने का दबाव बनाने लगे। इसके साथ ही कुछ लोगों ने स्थानीय महावीर मंदिर में शादी करने की सलाह दी। इस दौरान वर और वधु पक्ष के बीच भी कहा सुनी हो गई जिसके बाद प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद वर को मंडप में लाया गया और शादी की रश्में पूरी की गई। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग समेत डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों ने भी मामला शांत करवाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना में किसी बाराती की कोई गलती नहीं थी बल्कि कुछ असामाजिक तत्व बीच में घुस कर इस तरह की घटना को अंजाम दिया है।
यह भी पढ़ें - शिक्षा के मंदिर में चिकन की पार्टी, शराब की भी चर्चा, वीडियो वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप





