पटना: बिहार के मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बढ़ोतरी किये जाने के बाद से बिहार में राजनीति भी शुरू हो गई है। बिहार के गृह विभाग की तरफ से सुरक्षा बढ़ोतरी को लेकर जारी पत्र पर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसा है और गृह विभाग पर हमला किया है। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर नाम लिए बगैर भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि अभी नीतीश कुमार ने इस्तीफा दिया भी नहीं और बिहार के अधिकारी उन्हें भूतपूर्व बताने लगे हैं।
दरअसल गृह विभाग की तरफ से 30 मार्च को जारी एक पत्र में लिखा गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार स्पेशल सिक्यूरिटी एक्ट 2000 के तहत सुरक्षा अनुमान्य है। वह वर्तमान में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं तथा निकट भविष्य में विधान परिषद की सदस्यता तथा मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र दे कर राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उक्त आलोक में मुख्यमंत्री की सुरक्षा की समीक्षा की गई और उन्हें Z+ सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। गृह विभाग ने इस पत्र को लेकर गृह विभाग पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें - बिहार में IPS ने शुरू करवाया था अपहरण उद्योग, गुप्तेश्वर पांडेय ने CM और DGP को कहा...
तेजस्वी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ऐसी असम्मानजनक विदाई उनके दल और समर्थकों ने सपने में भी नहीं सोची होगी कि उनके इस्तीफे से पहले ही गृह विभाग और अधिकारी उन्हें भूतपूर्व बताने में लग गए हैं। अभी देखते रहिए, ये क्या-क्या करेंगे? बता दें कि तेजस्वी यादव विधानसभा चुनाव से पहले से ही भाजपा के द्वारा नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी से हटा कर कब्ज़ा करने का दावा करते रहे हैं। तेजस्वी ने अपने दावे पर मुहर लगने की बात कहना शुरू कर दिया है साथ ही गृह विभाग के इस पत्र पर उन्होंने नीतीश कुमार के सम्मान से जोड़ते हुए तंज कसा है।

यह भी पढ़ें - तेजस्वी बताएं कि बिहार बदहाल कैसे हुआ, केरल में बिहार को गरीब राज्य बताने पर भड़के चिराग ने धो डाला...




