Join Us On WhatsApp

दो इंच जमीन के लिए भतीजे ने किया रिश्ते को शर्मसार, चाची को…..

पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में महज दो इंच जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया।

two inch land dispute
दो इंच जमीन के लिए भतीजे ने किया रिश्ते को शर्मसार, चाची को…..- फोटो : Darsh NEWS

पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। महज दो इंच जमीन को लेकर हुए विवाद में हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि बिहार में जमीन विवाद किस कदर जानलेवा साबित हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रसलपुर गांव में चचेरे भाइयों राजकुमार प्रसाद और श्रवण प्रसाद के बीच लंबे समय से दो इंच जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार सुबह विवादित जमीन पर श्रवण प्रसाद द्वारा पिलर निर्माण का काम कराया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में केवल कहासुनी हुई और मामला सामान्य लग रहा था।

यह भी पढ़ें: 31 जनवरी को दरभंगा में लगेगा उपमुख्यमंत्री का जनता दरबार, जमीन विवादों पर होगा सीधा फैसला

प्रत्यक्षदर्शियों और मृतका के बेटे जितेंद्र कुमार के मुताबिक, उस वक्त कोई बड़ा झगड़ा नहीं था और विवाद पहले ही सुलझ चुका माना जा रहा था। लेकिन इसी दौरान राजकुमार प्रसाद का बेटा शिवम अचानक देसी कट्टा लेकर मौके पर पहुंचा और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली 50 वर्षीय राजमंत्री देवी के सिर में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी गोली उनके 25 वर्षीय बेटे राजन प्रसाद को लगी, जो गंभीर हालत में PMCH में भर्ती है। तीसरी गोली बीच-बचाव करने आए पड़ोसी देवसागर सिंह (55) को लगी। देवसागर के सिर में गोली फंस गई थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें: लखीसराय डकैती केस सुलझा: हथियारों के साथ 6 अपराधी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही फतुहा SDPO-1 अवधेश कुमार और थाना अध्यक्ष सदानंद साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी के घर की तलाशी में दो देसी कट्टे, एक तलवार और एक बाइक बरामद की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है और लगातार छापेमारी चल रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस जमीन से जुड़े पुराने कागजात और विवाद के इतिहास की भी जांच कर रही है। यह घटना एक गंभीर सवाल छोड़ जाती है कि आखिर छोटी-छोटी जमीन की लड़ाइयों में इंसानी जान की कीमत क्यों इतनी सस्ती हो जाती है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp