जमुई जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। जमुई-गिद्धौर मुख्य मार्ग (NH-333) पर रतनपुर स्थित यूको बैंक चौक के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने दो चचेरी बहनों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रतनपुर निवासी सीमा कुमारी (18 वर्ष), पिता स्वर्गीय राकेश सिंह, और जुगनू कुमारी (20 वर्ष), पिता दिनकर सिंह के रूप में की गई है। दोनों आपस में चचेरी बहनें थीं और परिवार के साथ चैती छठ पर्व की पूजा-अर्चना कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान झाझा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। इस हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें: बिना मुकाबले फिर ताज नीतीश के सिर, दिल्ली की राजनीति में बड़ी एंट्री की तैयारी?

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सतीश सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन शांत नहीं हुए।

यह भी पढ़ें: चाचा पशुपति पारस के पैर छूते दिखे चिराग पासवान, सालों की दूरियां खत्म होने के संकेत?

बाद में एसडीओ सौरव सिंह मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई व मुआवजे का आश्वासन देकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: रिहाई के बाद पहली एंट्री में दिखा दम, बाढ़ में अनंत सिंह के स्वागत में उमड़ी भारी भीड़