सुपौल: सुपौल में दिन दहाड़े अपराधियों का तांडव सामने आया है। शहर के सदर थाना क्षेत्र के वार्ड 22 में दो हथियारबंद अपराधियों ने मवेशी व्यापारियों से 25 लाख रूपये लूट लिए। घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। जानकारी के अनुसार, दो मवेशी व्यापारी आज सुबह मवेशी खरीदने के लिए सुपौल से मवेशी हाट, सिंहेश्वर जा रहे थे। इसी दौरान वार्ड 22 की एक गली में बाईक पर सवार दो अपराधी उनके पास आए और हथियार सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अपराधियों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया और हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: पत्नी की हत्या कर लाल ट्रॉली बैग में फेंका, दो दिन तक घर में रखा था शव, वजह जान रह जाएँगे दंग
पीड़ित व्यापारी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी मो नवाब और मो शहजाद हैं। दोनों पिछले करीब 10 सालों से सुपौल में मवेशी खरीद-बिक्री का कारोबार कर रहे हैं। व्यापारी बताते हैं कि वे सुपौल नगर परिषद वार्ड 18 में किराए के कमरे में रहते हैं। घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने सदर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: BPSC कैलेंडर में TRE-4 नहीं, शिक्षक बोले- सरकार टाल रही भर्ती!
सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। पीड़ित मो सहजाद उर्फ़ मुन्ना और उनके साथी मो उस्मान ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। दोनों ने कहा कि यह घटना उनके लिए बहुत डरावनी थी और वे चाहते हैं कि अपराधी जल्द गिरफ्तार हों। सुपौल में इस तरह की घटना से व्यापारियों और आम लोगों में डर का माहौल है। पुलिस लगातार जांच कर रही है और आशा जताई जा रही है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।