पटना: राजधानी पटना समेत बिहार के सभी जिलों के लिए मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया था। शुक्रवार को दिनभर राजधानी पटना का मौसम तो अच्छा रहा लेकिन देर रात अचानक करवट ले ली। देर रात राजधानी पटना के विभिन्न जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई जिसके बाद मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी राजधानी पटना समेत बिहार में अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की या कुछ देर के लिए तेज हवा या बादल गरजने की संभावना है।
शुक्रवार की देर रात अचानक तेज हवा और बारिश के बाद कई जगहों पर पेड़ गिर गए। वहीं शनिवार को लेकर भी मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने अररिया, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका जिला के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि जमुई, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, मुंगेर समेत अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से तेज हवा, बारिश और ठनका गिरने की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें - रामनवमी के अवसर पर डाकबंगला चौराहा पर भव्य कार्यक्रम, तेज आंधी तूफान में गिरा गेट फिर तो...
मौसम विभाग की मनाने तो अगले 48 घंटो के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी होने की भी संभावना है इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान बढ़ोतरी होने की संभावना है। जबकि पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक तापमान भभुआ में 37 डिग्री दर्ज किया गया जबकि सबसे कम डेहरी में 17.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी पटना में तेज हवा और बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें - दो दिनों के लिए फिर बदलेगा मौसम, तेज हवा के साथ हो सकती है भारी बारिश, मौसम विभाग ने इन जिलों को चेताया...




