कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हिंसा की आशंका बनी हुई है। पश्चिम बंगाल में हिंसा की आशंका के मद्देनजर भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं अब चुनाव आयोग ने चुनाव बाद भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 500 कंपनियां तैनात करने का निर्णय लिया है। पश्चिम बंगाल चुनाव में मतदान के बाद कई जगहों पर पुनर्मतदान की मांग उठने की भी आशंका है जिसके मद्देनजर 200 कंपनी अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग ने 200 कंपनी सशस्त्र सुरक्षा बल ईवीएम, स्ट्रांग रूम, और मतगणना केंद्रों पर तैनात किया जाएगा। बताया जा रहा है कि राज्य में मतगणना समाप्त होने तक केंद्रीय बलों की प्रतिनियुक्ति रहेगी। विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो हर जगह चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में केंद्रीय सशस्त्र बल की तैनाती की जाती है लेकिन पश्चिम बंगाल पिछले कई वर्षों में हिंसा की घटनाओं को देखते हुए चुनाव आयोग पुख्ता तैयारी करने में जुटा है। चुनाव को लेकर राज्य में 2500 कंपनियां सुरक्षाबलों की तैनात की जा रही है जिसमें 700 कंपनियां चुनाव बाद भी तैनात रहेंगी।




