Join Us On WhatsApp

अफवाह बनी आफत! बच्चा चोर समझ भीड़ ने की पिटाई, पुलिस ने खोला राज

बाढ़ के उमानाथ इलाके में बच्चा चोर की अफवाह फैलते ही हंगामा मच गया। संदेह के आधार पर भीड़ ने एक अधेड़ व्यक्ति की पिटाई कर दी

Rumors become a disaster
अफवाह बनी आफत! बच्चा चोर समझ भीड़ ने की पिटाई, पुलिस ने खोला राज- फोटो : Darsh NEWS

बाढ़ (पटना):  बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ इलाके में सोमवार को बच्चा चोर की अफवाह ने माहौल बिगाड़ दिया। संदेह के आधार पर लोगों की भीड़ ने एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति उमानाथ क्षेत्र में घूमता हुआ देखा गया। लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना घर अलग-अलग जगह बताया। किसी से बख्तियारपुर कहा, तो किसी से सिमरिया। जवाब में विरोधाभास होने पर लोगों को उस पर शक हुआ। इसी बीच एक युवक ने दावा किया कि वह व्यक्ति पुरानी बाढ़ मोहल्ले से एक बच्चे को लेकर जा रहा था। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: "10 लाख दे दो, तुम्हारा काम हो जायेगा" - SVU की टीम ने ICDS की DPO का प्लान किया फ्लॉप

शक के आधार पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और बिना पूरी जानकारी के उस व्यक्ति की पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह उसे भीड़ से बचाकर अपने साथ थाने ले गई। थानाध्यक्ष ने साफ कहा कि क्षेत्र में बच्चा चोरी की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है। अब तक किसी भी अभिभावक ने थाने में शिकायत नहीं दी है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में मामला अफवाह का लग रहा है, फिर भी पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: सदन में संग्राम ! मसौढ़ी छात्रा की मौत पर राबड़ी देवी आक्रामक, तेजस्वी बोले– सरकार जिम्मेदार

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, लेकिन कानून हाथ में न लें। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। हाल के दिनों में बच्चा चोर की अफवाहों के कारण कई जगह भीड़ हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp